Sunday 14 August 2022

तिरंगा मय हुआ बायतु, कांग्रेस नेता हरीश चौधरी की अगुवाई में निकली विशाल गौरव पद यात्रा।

तिरंगा मय हुआ बायतु, कांग्रेस नेता हरीश चौधरी की अगुवाई में निकली विशाल गौरव पद यात्रा। - कैबिनेट मंत्री हेमाराम चौधरी, बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन, अमीन खान, मदन प्रजापत, पदमाराम मेघवाल, जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी समेत जिले के विरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हजारों कार्यकर्ताओं ने निकाली गौरव यात्रा।
बाड़मेर/बायतु। आजादी के 75 साल पूरे होने पर कांग्रेस के द्वारा बायतु में आयोजित गौरव पद यात्रा के दौरान दर्जियों की ढाणी से बायतु पनजी तक तिरंगा मय नजर आया। तिरंगा यात्रा में हर किसी के हाथ में तिरंगा झंडा दिखाई दिया और इस दौरान आगे-आगे पंजाब कांग्रेस प्रभारी व बायतु विधायक हरीश चौधरी व कैबिनेट मंत्री हेमाराम चौधरी, बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन, शिव विधायक अमीन खान, पचपदरा विधायक मदन प्रजापत, जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी, चोहटन विधायक पदमाराम मेघवाल, जिलाध्यक्ष फतेह खान, बायतु प्रधान सिमरथाराम चौधरी आगे चल रहे थे, उनके पीछे हजारों की संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता व आमजन देश भक्ति गीतों व नारों के साथ चल रहे थे। यात्रा में शहीदों के बलिदान को याद करते हुए 10 किलोमीटर की गौरव यात्रा निकाली गई। इस दौरान पंजाब कांग्रेस प्रभारी व विधायक हरीश चौधरी ने कहा कि आजादी के 75 साल पूरे होने पर निकाला जा रहा गौरव यात्रा न केवल एक पदयात्रा नहीं बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों को विनम्र श्रद्धांजलि है। जिनके बलिदान के बल पर आज हम आजादी की हवा में सांस ले रहे है। उन्होंने कहा देश का तिरंगा हमारे स्वतंत्रता सेनानियों की गौरव गाथा को समेटे हुए है। चौधरी ने कहा कि हमें संविधान की रक्षा, आपसी भाईचारे व देश की आजादी में दिए गए बलिदानों सहित तमान भावनाओं का आत्मसात करना चाहिए। कांग्रेस के आह्वान पर आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के अवसर पर यह यात्रा निकाली गई है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने प्राणों का बलिदान देकर देश की अखण्डता की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि हमारे महापुरुषों ने संघर्ष करके और अपने प्राणों की आहुति देकर हमारे देश को आजाद कराया था। तिंरगा मय हुआ बायतु। गौरव पद यात्रा के दौरान आगे आगे कांग्रेस की विरिष्ठ नेता व पीछे हाथों में तिरंगा लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। डीजे पर देशभक्ति के गीतों के साथ कार्यकर्ताओं विशेषकर युवा वर्ग ने बड़ी उमंग के साथ भाग लिया। बाड़मेर-जोधपुर हाइवे से गुजर रही गौरव पद यात्रा के दौरान दुकानदारों और कस्बे वासियों ने फूलों से गौरव यात्रा का स्वागत किया। भारत माता की जय के नारों के साथ वातावरण गूंज उठा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री हेमाराम चौधरी ने कहा कि देश की आजादी में कांग्रेस का बहुत बड़ा योगदान था और देश की आजादी के पश्चात देश के निर्माण में प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। चौधरी ने कहा कि आज देश का लोकतंत्र खतरे में है। सभी संवैधानिक संस्थाओं को तहस नहस कर दिया गया है। भाजपा अपने विरोधियों को सबक सिखाने के लिए ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों का प्रयोग कर रही है। देश का आपसी भाईचारा बिगाड़ा जा रहा है लेकिन कांग्रेस हर कीमत पर पर देश की अखंडता एवं एकता को कायम रखेगी। इस दौरान गिड़ा प्रधान जानकी देवी, पूर्व प्रधान रसीदा बानो, लक्ष्मण राम डेलू, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजेन्द्र कड़वासरा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment

dp