Saturday 30 July 2022

भाजपा ने हमेशा सभी का सम्मान किया, हमारा मूलमंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास - देवल

भाजपा ने हमेशा सभी का सम्मान किया, हमारा मूलमंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास - देवल जसवंतपुरा।
रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के आदिवासी बहुल ग्राम पंचायतों के सरपंचगण एवं भाजपा एसटी मोर्चा ने भारतीय जनता पार्टी की ओर से द्रोपदी मुर्मु को भारत की महामहिम राष्ट्रपति बनाए जाने पर खुशी प्रकट करते हुए शनिवार को पंचायत समिति जसवंतपुरा की ग्राम पंचायत पुरण, पंसेरी, राजपुरा, दांतलावास, राजीकावास एवं जसवंतपुरा में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद सभाओं का आयोजन किया गया। सभाओं को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित करते हुए रानीवाड़ा विधायक एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण सिंह देवल कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला। देवल ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी आदिवासी, दलित और पिछड़ों का सम्मान नहीं किया है। इनके नेताओं के बयान देख लीजिए हमारे दलित, आदिवासी और पिछड़े भाईयों के लिए इनके नेताओं द्वारा कैसे-कैसे शब्दों का प्रयोग किया गया है जो सार्वजनिक रूप से बोलने योग्य भी नहीं है। कांग्रेस ने हमेशा दलित, आदिवासी और पिछड़ा समुदाय का केवल वोट बैंक के रूप में उपयोग किया लेकिन उनके कल्याण और उत्थान के लिए कभी कुछ नहीं किया। कांग्रेस ने बाबा साहेब अम्बेड़कर को उनके निर्वाण के 40 साल बाद तक भारत रत्न नहीं दिया फिर जब केन्द्र में भाजपा के समर्थन से वी.पी.सिंह की सरकार बनी तब 1990 में बाबा साहेब को भारत रत्न दिया गया। जबकि कांग्रेस ने अपने नेताओं को जीते जी ही भारत रत्न से नवाजा। आदिवासी समुदाय के आदर्श भगवान बिरसा मुंडा जी को कांग्रेस ने कभी वो सम्मान नहीं दिया जिसके वो हकदार थे। केन्द्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित कर उसे आदिवासी गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा कर सम्मान देने का कार्य किया। कांग्रेस ने कभी आदिवासी समुदाय के कल्याण के लिए केन्द्र में अलग से जनजाति मंत्रालय तक नहीं बनाया ये कार्य भी हमारे पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई जी ने केन्द्र में अलग से जनजाति मंत्रालय बनाकर किया। राजस्थान में सबसे पहले अपने मुख्यमंत्रित्वकाल में राजस्थान भाजपा के पितामह, पूर्व उप राष्ट्रपति स्वर्गीय भैरोंसिंह शेखावत जी ने आदिवासी समुदाय को भी नेतृृत्व करने का अवसर प्रदान करने के लिए पंचायत राज संस्थाओं में आरक्षण का प्रावधान किया। उनको आरक्षण देकर सरपंच, प्रधान, जिला प्रमुख बनने का अवसर दिया। इसलिए भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसमें सभी धर्मों, वर्गो और जातियों का बराबर सम्मान किया जाता है। भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचाराधारा को अपनी नीतियों में भी शामिल करती है और अन्तिम छोर पर बैठे गरीब, दलित, आदिवासी और पिछड़े लोगों के कल्याण और उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रधानमंत्री मोदी भी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की बात करते हैं तो उनकी जनकल्याणकारी नीतियों में यह परिलक्षित भी होता है। सभाओं की अध्यक्षता जालोर जिला प्रमुख राजेश गोयल ने की।इस दौरान पूर्व प्रधान जोईताराम राणा, भाजपा मण्डल अध्यक्ष दौलत सिंह कलापुरा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष भेरूदान चारण फैदाणी, प्रधान प्रतिनिधि परखाराम मेघवाल, पंचायत समिति सदस्य मुकाराम पुरोहित, पूर्व सरपंच पंसेरी दिलीप सिंह देवल, हुकमाराम राणा, राजूसिंह राजपुरा, जसवंत प्रजापत, सरपंच प्रतिनिधि मोडाराम प्रजापत, युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष महेंद्रसिंह राव, केवाराम लुहार, महेश नागर, खंगाराराम पुरोहित आम्बातरी, रामसिंह जितपुरा, सवाईसिंह वाडा, पूनमसिंह देवड़ा गोलाणा, भगवानसिंह चेकला, मोहन मेघवाल, यासीन, एसटी मोर्चा मण्डल अध्यक्ष भरत राणा, बड़गांव एसटी मंडल अध्यक्ष जबराराम राणा, एससी मोर्चा जिला महामंत्री रमेश कुमार मेघवाल सहित भील समाज के सभी गांवों के गणमान्य नागरिक गण व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment

divya panchayat daily