Tuesday, 31 January 2023

सामुदायिक सभा भवन का किया शिलान्यास

सामुदायिक सभा भवन का किया शिलान्यास
दिव्य पंचायत न्यूज़ नेटवर्क
जसोल। स्थानीय वार्ड संख्या 14 मनणावास स्थित मेघवाल समाज भवन के पास सामुदायिक हॉल का शिलान्यास बालोतरा प्रधान भगवत सिंह जसोल व जसोल सरपंच ईश्वर सिंह चौहान द्वारा किया गया।
 सरपंच ईश्वर सिंह  चौहान ने बताया कि विधायक मदन प्रजापत के विधायक कोटे से 5 लाख रुपये की लागत से सभा भवन का निर्माण होगा। इस अवसर पर  प्रधान भगवत सिंह जसोल द्वारा प्रधान कोटे से रोड़ की घोषणा की है। साथ व जसोल सरपंच ईश्वर सिंह चौहान द्वारा सभा भवन की चारदिवारी, टांका व टाइल लगवाने की घोषणा की।
 इस अवसर पर सरपंच चौहान ने कहा कि विकास कार्यो में कोई कमी नही रखी जायेगी। विधायक कोष से जसोल में सबसे अधिक कार्य जसोल में हुए है। वार्ड 14 से सरपंच चुनाव में मुझे बड़ा समर्थन मिला। उसका कर्ज चुकाने हेतु हरसंभव हर व्यक्ति, हर समाज, हर संगठन की मदद करूँगा। इस दौरान सभी ने श्रमदान किया। इस अवसर पर वार्डपंच लिखमसिंह राजपुरोहित, पूर्व उपसरपंच भूराराम मेघवाल, सांवलराम मेघवाल, नगाराम मेघवाल, बंशीलाल, नरसिंगराम, गिरधारीराम, लेखराज, ठेकेदार खेताराम मेघवाल, माणक गहलोत, भोलाराम आदि उपस्थित रहे।

Monday, 30 January 2023

मेगा हाइवे पर दो ट्रक आमने-सामने भिड़े, एक की मौत 2 घायल

दिव्य पंचायत न्यूज़ नेटवर्क
बाड़मेर। बालोतरा के पास मेगा हाईवे पर सुबह हुए सडक़ हादसे में घायल चालक  ईलाज के दौरान मौत हो गई। सुबह घने कोहरे के चलते मेगा हाईवे पर असाडा गांव में दो ट्रक आमने-सामने भिड़ गये। हादसे से दोनो ट्रकों के केबिन पिचक गये थे और एक ट्रक का चालक अंदर फंस गया था, कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन और जेसीबी की सहायता से केबिन को चौड़ा कर चालक को बाहर निकाला और बालोतरा के नाहटा अस्पताल पहुंचाया लेकिन ईलाज के दौरान चालक ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद लम्बा जाम भी लग गया था पुलिस ने दोनो दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवा कर जाम खुलवाया साथ ही मृतक चालक का शव बालोतरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी गई।
पुलिस ने बताया कि हादसे में ट्रक चालक मोटाराम पुत्र पेमारम जाट निवासी लेगो की ढाणी, गिड़ा की मौत हो गई वही दूसरे ट्रक का चालक जसाराम पुत्र तेजाराम जाट निवासी होडू सिणधरी व कंवराराम पुत्र हरखाराम जाट निवासी भंूका भगतसिंह सिणधरी घायल हो गये जिनका बालोतरा के नाहटा अस्पताल में ईलाज चल रहा हैं।

Sunday, 29 January 2023

बालोतरा-समदड़ी रेल खंड पर विद्युतीकरण कार्य पूरा-सौ किमी प्रतिघंटा की स्पीड से सफल रन ट्रायल-पीसीईई ने सुरक्षा मानकों की की जांच

बालोतरा-समदड़ी रेल खंड पर विद्युतीकरण कार्य पूरा
-सौ किमी प्रतिघंटा की स्पीड से सफल रन ट्रायल
-पीसीईई ने सुरक्षा मानकों की की जांच
-जल्द फिट मिलने की उम्मीद
दिव्य पंचायत न्यूज़ नेटवर्क
बालोतरा। उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल पर समदड़ी-बालोतरा रेल खंड पर रेल विद्युतीकरण का कार्य पूरा करवा लिया गया है। 33 किलोमीटर लंबे इस रेल खंड पर रेल विद्युतीकरण का कार्य पूरा होने के साथ ही जोधपुर मंडल पर अब तक 184 किलोमीटर रुट खंड पर विद्युतीकरण कार्य हो चुका है तथा  समूचे जोधपुर मंडल पर दिसंबर 2023 तक रेलवे का सम्पूर्ण विद्युतीकरण का लक्ष्य निर्धारित है। 
 उत्तर -पश्चिम रेलवे जोन के प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर राजेश मोहन ने मंडल रेल प्रबंधक गीतिका पांडेय व मंडल अधिकारियों की टीम के साथ इलेक्ट्रिक लोको से बालोतरा से समदड़ी के बीच 100 किलोमीटर की स्पीड से सफल रन ट्रायल किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग के पारलू और बालोतरा स्टेशनों पर विद्युतीकरण कार्य के तहत स्विचिंग पोस्टों का निरीक्षण किया और संतोष जाहिर किया। 
इस दौरान राजेश मोहन व डीआरएम ने बालोतरा से समदड़ी के बीच स्टेशनों पर सुरक्षा मानकों की जांच की तथा बालोतरा और समदड़ी स्टेशनों पर समपार फाटकों का निरीक्षण किया और आमजनों से इलेक्ट्रिक रेल मार्ग पर आवागमन के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की। रन ट्रायल के पश्चात इलेक्ट्रिक लोको से संचालित विशेष कोच में अधिकारी शाम को जोधपुर पंहुचे। 
डीआरएम ने बताया कि जोधपुर मंडल के सभी रेल खंडों पर विद्युतीकरण का कार्य चरणबद्ध तरीके से करवाया जा रहा है जिसके तहत बालोतरा से समदड़ी तक 33 किमी खंड पर कार्य पूर्ण होने के साथ ही जोधपुर मंडल पर कुल 184 किलोमीटर रेलवे ट्रेक का विद्युतीकरण हो चुका है। उन्होंने बताया कि जोधपुर - बाड़मेर रेल खंड पर रेल विद्युतीकरण कार्य के अगले चरण में बालोतरा से बाड़मेर स्टेशनों के बीच 100 किलोमीटर रेल खंड पर विद्युतीकरण का कार्य चरणबद्ध तरीके से मार्च -2023 तक पूरा करवा लिया जाएगा। इसके साथ ही सम्पूर्ण जोधपुर मंडल पर विद्युतीकरण का कार्य दिसंबर- 2023 तक पूरा करवाने का लक्ष्य पूर्व निर्धारित है। 
रन ट्रायल के दौरान रेल विद्युतीकरण के मुख्य परियोजना अधिकारी पी एल मीणा, चीफ इलेक्ट्रिक इंजीनियर(डिस्ट्रीब्यूशन) जगदीश चौधरी,वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर (कर्षण) प्रवीण चौधरी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अजीत मीणा सहित अनेक अधिकारी व निरीक्षक साथ थे।

Saturday, 28 January 2023

कालूड़ी के पास मेगा हाइवे पर दो ट्रेलरों के बीच जोरदार भिड़ंत

बालोतरा। बाड़मेर के बालोतरा-सिणधरी मेगा हाइवे पर रविवार को दो ट्रेलर में भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रेलर चालक गम्भीर रुप से घायल हो गया। जिसे बालोतरा के नाहटा अस्प्ताल में भर्ती करवाया गया है।
हादसा कालूड़ी-टापरा ग़ांव के बीच मे हुआ। हादसे की जानकारी पर आस पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल ट्रेलर चालक को निजी वाहन से बालोतरा के नाहटा अस्प्ताल लाया गया है। हादसे में जगसिरसिंह वल्द आत्मासिंह निवासी फिरोजपुर पंजाब घायल हुआ है।

Tuesday, 24 January 2023

कृषि मंडी सचिव को वीर दुर्गादास सेवा समिति ने सौपा ज्ञापन

कृषि मंडी सचिव को वीर दुर्गादास सेवा समिति ने सौपा ज्ञापन
दिव्य पंचायत न्यूज़ नेटवर्क 
बालोतरा। बालोतरा के श्री वीर दुर्गादास राठौड़ कृषि उपज मंडी समिति में मुख्य मांगो को लेकर वीर दुर्गादास राठौड़ सेवा समिति ने कृषि उपज मंडी समिति के सचिव को ज्ञापन सौपा।
सेवा समिति के नरपतसिंह उमरलाई ने बताया कि वीर दुर्गादास राठौड़ सेवा समिति ने श्री वीर दुर्गादास राठौड़ कृषि उपज मंडी समिति के सचिव सुरेंद्रसिंह चांदावत को ज्ञापन सौंपकर मुख्य मांगो को ध्यान में रखकर जल्द से जल्द पूरी करने की मांग की।
उमरलाई ने बताया कि ज्ञापन इस प्रकार है कि कृषि उपज मंडी का नाम करण कई साल पूर्व श्री वीर दुर्गादास राठौड़ कृषि उपज मंडी समिति के नाम से हुआ था अभी तक समिति द्वारा मुख्य गेट पर नाम अंकित नहीं करवाया है। ना ही ऐसा नगर परिषद या मंडी समिति द्वारा साइन बोर्ड लगाया हुआ है जिससे आम व्यक्ति को पता चले की यहां कृषि उपज मंडी है, साथ ही मंडी में मारवाड़ रक्षक वीर दुर्गादास राठौड़ का स्मारक बनाया जाए। जिससे कृषि उपज मंडी में आने वाले हर व्यक्ति दुर्गादास राठौड़ से प्रेरणा ले सके। मंडी में सड़क व मुख्य गेट भी क्षतिग्रस्त हो गया है उन्हे तुरंत प्रभाव से ध्यान में रखकर सही करवाने की कृपा करावे।
वीर दुर्गादास राठौड़ सेवा समिति व क्षेत्रवासियों की भावनाओं को समझते हुए जल्द से जल्द मुख्य मांगो को पूरी करे। मंडी सचिव सुरेंद्रसिंह चांदावत ने जल्द से जल्द मांगो को पूरी करने का आश्वाशन दिया।
इस दौरान महिपालसिंह करणोत, वीपीसिंह अराबा, रेवेंद्रसिंह होटलु, नाथूसिंह देरिया, श्रवणसिंह पटाऊ, भोमसिंह फलसुंड, गुमानसिंह मेवानगर, वगतावरसिंह देरिया, रामसिंह उमरलाई आदि युवा मौजूद रहे।

Monday, 23 January 2023

चौहान बने करणी सेना बालोतरा के जिलाध्यक्ष

चौहान बने करणी सेना बालोतरा के जिलाध्यक्ष
दिव्य पंचायत न्यूज़ नेटवर्क
बालोतरा . श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय कार्यालय में राजस्थान प्रदेश की कार्यकारिणी विस्तार को लेकर बैठक आयोजित हुई।
बाड़मेर जिला प्रभारी मनोहर सिंह गुगड़ी ने बताया कि श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेवसिंह गोगामेड़ी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेंद्रसिह कटार के निर्देशानुसार राष्ट्रीय सचिव उमरावसिंह जोधा के राजस्थान प्रदेश की कार्यकारिणी का विस्तार किया। जिसमें संगठन में सक्रियता व निस्वार्थ भाव से कर रहे आसुसिंह चौहान को बालोतरा जिले के जिला अध्यक्ष नियुक्त किया।
राष्ट्रीय सचिव उमरावसिंह जोधा ने नव नियुक्त जिला अध्यक्ष आसूसिंह चौहान को बधाई देते हुए कहा संघठन के लिए तन मन से कार्य करे साथ ही 2 अप्रैल को जयपुर में आयोजित विशाल कार्यक्रम में मजबूत भागीदारी निभाने की अपील की।
इस दौरान नरपतसिंह उमरलाई, जितेंद्रसिंह चिड़िया, शंभूसिंह पिंडारण, अर्जुनसिंह सोढा, पाबुसिंह रेवाड़ा, मनोहरसिंह उमरलाई, महेंद्रसिंह बागावास आदि सदस्यों ने फोन पर बधाई देकर संगठन के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने की बात कही।

Sunday, 22 January 2023

गुप्त नवरात्र में आध्यात्मिक बल के साथ दुःख और संकट का भी होता निराकरण - नारायण गिरी महाराज

जसोलधाम में शुरू हुआ गुप्त नवरात्रि अनुष्ठान कार्यक्रम विश्व कल्याण व मां जसोल के समस्त भक्तों के लिए की गई मंगल कामना
दिव्य पंचायत न्यूज़ नेटवर्क
जसोल। गुप्त नवरात्रि में मां की पूजा करने से व्यक्ति के जीवन में व्याप्त सभी दुःख और संकट का नाश होता है। साथ ही साधक को मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। इन नौ दिनों में साधक महाविद्याओं की देवियों को कठिन भक्ति से प्रसन्न करते हैं। मां प्रसन्न होकर सभी भक्तों की सभी मनोकामना पूर्ण करती है। ये बात श्री दुधेश्वर मठ गाजियाबाद महंत नारायण गिरी महाराज ने जसोल धाम में शुरू हुए गुप्त नवरात्रि के अनुष्ठान के दौरान कही। उन्होंने कहा कि 10 महाविद्या की पूजा गुप्त नवरात्रों के भिन्न-भिन्न दिन की जाती है।उन्होंने कहा कि भारत में चुनिंदा शक्तिपीठों में चारों नवरात्रों में वैदिक अनुष्ठान होता है जसोल धाम उन शक्तिपीठों में एक है जन्हा विधि विधान से चारों नवरात्रों में पूजन होता हैl
 गुप्त नवरात्र के दौरान  मां काली, तारा देवी, त्रिपुर सुंदरी, भुवनेश्वरी, माता छिन्नमस्ता, त्रिपुर भैरवी, मां ध्रूमावती, माता बगलामुखी, मातंगी और कमला देवी की पूजा करते हैं। उन्होंने कहा कि गुप्त नवरात्र मानव को न केवल आध्यात्मिक बल ही प्रदान करते हैं, बल्कि इन दिनों में संयम-नियम व श्रद्धा के साथ माता दुर्गा की उपासना करने वाले व्यक्ति को अनेक सुख व साम्राज्य भी प्राप्त होते हैं । गुप्त नवरात्रों के साधनाकाल में मां शक्ति का जप, तप, ध्यान करने से जीवन में आ रही सभी बाधाएं नष्ट होने लगती हैं। नवरात्र के विशेष काल में देवी उपासना के माध्यम से खान-पान, रहन-सहन और देव स्मरण में अपनाए गए संयम और अनुशासन तन व मन को शक्ति और ऊर्जा देते हैं जिससे इंसान निरोगी होकर लंबी आयु और सुख प्राप्त करता है धर्म ग्रंथों के अनुसार गुप्त नवरात्र में प्रमुख रूप से भगवान शंकर व देवी शक्ति की आराधना की जाती है। गुप्त नवरात्रि के पहले दिन व दूसरे दिन क्रमश मंदिर संस्थान की ओर से अध्यक्ष रावल किशनसिंह जसोल द्वारा स्वस्तिवाचन करते हुए श्री गौरी गणेश जी, मां काली, मां तारा की पूजा की गई। गुप्त नवरात्रि के पहले दिन मां काली की पूजा की गईl गुप्त नवरात्रि के पहले दिन देवी दुर्गा के 10 स्वरूपों में प्रथम मां काली की पूजा की जाती है. हिंदू धर्म के अनुसार 10 महाविद्या 10 दिशाओं की अधिकृत शक्तियां हैं. ऐसे में गुप्त नवरात्रि के पहले दिन मां काली की पूजा उत्तर दिशा की ओर मुंह करके की जाती है और माता की पूजा में ‘क्रीं ह्रीं काली ह्रीं क्रीं स्वाहा’ मंत्र का जप किया जाता हैl गुप्त नवरात्रि के दूसरे दिन मां तारा की पूजा की गईl गुप्त नवरात्रि का दूसरा दिन मां तारा की पूजा के लिए समर्पित है, जिनकी साधना करने पर साधक को संतान सुख की प्राप्ति होती है. इस दिन मां तारा का आशीर्वाद पाने के लिए उनकी पूजा के दौरान ‘ॐ ह्रीं स्त्रीं हूं फट’ मंत्र का जप किया जाता हैl उसके बाद गुप्त नवरात्रि के अनुष्ठान में  पंडित उदित पांडेय, पंडित मोहित पांडेय, आचार्य आदित्य पांडे, पंडित रमाकांत मिश्रा, पंडित दीपांकर पांडे, पंडित सागर भारद्वाज, पंडित योगराज भट्ट, पंडित मनोहर लाल अवस्थी के द्वारा पुण्यहवाचन, पंचांग पीठ, षोडश मातृका, चतुःषष्टि योगिनी पूजा, नवग्रह पूजन, क्षेत्रपाल पूजन, सर्वतो भद्र मंडल पूजन, श्री दुर्गा सप्तशती संपुटित पाठ करते हुए विश्व कल्याण व माजीसा के समस्त भक्तों के सर्वमंगल के लिए हवन में संस्थान अध्यक्ष द्वारा आहुति दी गई।

divya panchayat daily